कश्मीर में पुलिस की गोली से युवक की मौत

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हिंसक भीड़ ने सबसे पहले बिजबेहारा शहर के बाजार में खुली दुकानों पर हमला कर दुकानदारों पर उन्हें बंद करने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद उन्होंने बिजबेहारा पुलिस स्टेशन पर हमला किया और पत्थरबाजी की।"
नजीर अहमद नाम का 28 वर्षीय युवक रबड़ की गोली से बुरी तरह घायल हो गए। उसे बिजबेहारा के अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। भीड़ ने स्थानीय अदालत परिसर को भी आग के हवाले कर दिया है। युवक की मौत के बाद अनंतनाग में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
इससे पहले गुरुवार शाम सोपोर कस्बे में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में 18 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक श्रीनगर से लगभग 50 किलोमीटर दूर सोपोर कस्बे में गुरुवार शाम को उग्र भीड़ ने केंद्रीय सीआरपीएफ की चौकी पर हमला कर दिया जिसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा की गई गोलीबारी में एक किशोर मुदासिर नाजिर (18) की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए थे।
शुक्रवार को सोपोर में कर्फ्यू के बावजूद हजारों लोग सड़कों पर निकल आए और उन्होंने भारत विरोधी व स्वतंत्रता के समर्थन में नारे लगाए। नारे लगा रहे लोगों से सीधे टकराव से बचने के लिए सुरक्षा बलों ने कोई दखल नहीं दिया। इस बीच अधिकारियों ने सोपोर, बारामुला, हंदवारा और कुपवाड़ा के अलावा श्रीनगर सहित पूरी कश्मीर घाटी से कर्फ्यू हटा लिया है।
हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैय्यद अली गिलानी ने हालांकि लोगों से अपील की है कि वे सामान्य दिनचर्या शुरू करें।












Click it and Unblock the Notifications