नशे में धुत चालक ने ट्रक को खाई में कुदाया, 37 की मौत
शिमला। चालकों की लापरवाही की सजा वाहनों में बैठने वाले निर्दोष लोगों को भुगतनी पड़ती हैं। सड़क दुर्घटनाएं हर रोज होती हैं और इनमें से ज्यादातर मामलों में चालकों के शराब पीने की वजह से या यातायात नियमों के उल्लंघन की वजह से ये घटनाएं होती हैं। लेकिन प्रशासन की सुस्ती और लापरवाही की वजह से देश के हर हिस्से से लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो रहे हैं।
बुधवार की शाम हिमाच ल प्रदेश का मंडी इलाका एक ऐसी ही ददर्नाक सड़क दुर्घटना का गवाह बना। चालक के नशे में धुत होने की वजह से यहां एक ट्रक 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में ट्रक में सवार 21 महिलाओं और 7 बच्चों सहित 37 लोगों की मौत हो गई और लगभग इतने ही लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के शिकार ज्यादातर लोग सुधानी गांव के हैं। वे सभी एक मुंडन समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। उसी दौरान मंडी शहर से 30 किलोमीटर दूर बल्ह घाटी में शाम को लगभग 5 बजे ट्रक खाई में गिर गया। पीड़ितों में से अधिकांश लोग करीबी रिश्तेदार थे। घायलों को मंडी के जोनल अस्पताल तथा सुंदरनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रक पर बड़ी संख्या में लोग सवार थे। एक मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। चालक ने बहुत अधिक मात्रा में शराब पी हुई थी। दुर्घटना में घायल रमेश कुमार ने बताया कि राहत कर्मियों के लिए पीड़ितों को ट्रक से निकालना मुश्किल हो रहा है। राज्यपाल उर्मिला सिंह एवं मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने दुर्घटना में मौत के शिकार हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।












Click it and Unblock the Notifications