उज्जैन में महाकाल की तीसरी सवारी निकली
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सावन के तीसरे सोमवार को बाबा महाकाल की तीसरी सवारी निकाली गई। सवारी में शामिल सैकड़ों भक्त भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच जमकर झूमे। पालकी में सवार बाबा महाकाल को पुलिस के जवानों ने सलामी दी और पुलिस बैंड की धुनों के साथ उनका काफिला शहर भ्रमण पर निकला। मान्यता है कि बाबा महाकाल सावन महीने में अपनी प्रजा का हल जानने के लिए शहर के भ्रमण पर निकलते हैं। यह सिलसिला यहां वर्षो से चला आ रहा है।
बम बम भोले के जयकारे
महाकालेश्वर की सवारी में शमिल भक्त पूरी मस्ती में थे और जयकारों के साथ नाचते-गाते चल रहे थे। यह सवारी शहर के प्रमुख मार्गो से गुजरती हुई क्षिप्रा नदी के तट पर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद सवारी में शामिल भक्त फिर मंदिर में लौट गए। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह महाकाल की आरती उतारी गई और उनकी पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने सवारी पर पुष्पवर्षा भी की।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष महाकाल की कुल छह सवारियां निकलती हैं। अब चौथी सवारी 23 अगस्त, पांचवीं सवारी 30 अगस्त और छठी सवारी छह सितंबर को निकलेगी।













Click it and Unblock the Notifications