दिल्ली के होटलों में हानिकारक जीवों को मारने पर जोर
नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए स्वास्थ्यगत ढांचा लगभग तैयार है, ऐसे में अब इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले आयोजन के दौरान उन होटलों एवं गेस्ट हाउसों में चूहों, छिपकलियों तथा अन्य हानिकारक जीवों को मारा जाए, क्योंकि वहां प्रतिनिधि ठहरेंगे।
एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार ने हानिकारक जीव नियंत्रण एजेंसी पेस्ट कंट्रोल इंडया लिमिटेड से कहा है कि वह इसकी जवाबदेही ले, क्योंकि नवनिर्मित कमरों में बड़ी संख्या में चूहे और छिपकलियां हैं।
अधिकारी ने कहा, "यदि हम चूहों आदि पर काबू नहीं पा सके तो यह हमारे लिए लज्जाजनक बात होगी।"
दिल्ली में निर्माण के उद्देश्य से जगह-जगह खुदाई की गई है और गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण राजधानी में डेंगू के मामले बढ़ने की आशंका को देखते हुए क्रीड़ा स्थलों पर दवा का छिड़काव भी जरूरी है।
आयोजन के लिए की गई स्वास्थ्य तैयारियों के तहत दिल्ली सरकार ने तीन अस्पतालों का चयन किया है, जिनमें एथलीटों एवं तकनीकी प्रतिनिधियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाएगी। ये चयनित अस्पताल हैं- गोविंद बल्लभ पंत, राममनोहर लोहिया एवं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications