अहमदाबाद में भारी बारिश से 6 की मौत (लीड-1)
मध्य और दक्षिणी गुजरात में भारी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि सोमवार की शाम तक अगले 24 घंटों के दौरान यहां और बारिश होने के आसार हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक डुडेश्वर इलाके में एक इमारत ढहने से चार लोगों की मौत हो गई और अखबारनगर तथा निर्णयनगर में अंडरपास में भरे पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई।
शहर की 300 से ज्यादा रिहायशी परिसरों में पानी भर गया है। केवल बोपाल इलाके में ही 60 कालोनियों में पानी भर गया है। अहमदाबाद हवाईअड्डे के रनवे पर भी रविवार सुबह पानी भर गया था। इसकी वजह से तीन उड़ानों को रद्द कर दिया गया और कई में विलंब हुआ। करीब 10 रेलगाड़ियां रद्द की गई हैं और अन्य गाड़ियों के परिचालन में दो से छह घंटे तक की देर हुई है।
अहमदाबाद महानगर पालिका के उपायुक्त एम. एस. पटेल ने कहा कि वासना बांध के गेट खोले जाने के बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ है इससे शहर में भरा पानी बाहर निकल सकेगा।
गुजरात में मौसम विभाग के निदेशक कमलजीत राय ने कहा, "अहमदाबाद जिले में अब तक मौसम की कुल औसत बारिश से 50 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications