रेलगाड़ी में लूटपाट, आला अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना (लीड-1)
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने सोमवार को बताया कि पूरे मामले की जांच अपर पुलिस महानिदेशक (रेल) सफी आलम करेंगे। उन्होंने कहा कि आलम घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। आलम वहां वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे। नीलमणि ने कहा कि जसीडीह-सिमुलतला रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बिहार सैन्य बल (बीएमपी) की प्रतिनियुक्ति करने पर भी विचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जसीडीह-झाझा रेलखंड पर लाहाबन और सिमुलतला रेलवे स्टेशन के बीच अज्ञात सशस्त्र लुटेरों ने 3049- हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस के दो वातानुकूलित समेत पांच बोगियों में जमकर लूटपाट मचाई। लुटेरों ने वैक्यूम कर रेलगाड़ी को रोक लिया और करीब दो घंटे तक लूटपाट करते रहे।
पुलिस के अनुसार भुक्तभोगियों के मुताबिक लुटेरों की संख्या 30 से 40 बताई जा रही है। इस दौरान लुटेरों ने ट्रेन के गार्ड और चालक को भी बंधक बना लिया। लुटेरों ने विरोध करने वाले यात्रियों से जमकर मारपीट भी की है। इस मारपीट में 12 से ज्यादा रेल यात्री घायल हो गये हैं। घायल यात्रियों का इलाज झाझा रेलवे स्टेशन पर किया गया। लूटपाट से गुस्साए यात्रियों ने झाझा रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा मचाया।
सूत्रों के अनुसार इस लूटपाट की घटना में लुटेरों को नकदी समेत 12 लाख रुपये से ज्यादा की सम्पति हाथ लगी है। नीलमणि ने इस घटना में नक्सलियों का हाथ होने से साफ इंकार करते हुए सोमवार को कहा कि लुटेरों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को तड़के जमुई-किउल रेलखंड पर कुंदर हाल्ट के पास अज्ञात लुटेरों ने हावड़ा से दिल्ली जाने वाली लालकिला एक्सप्रेस जमकर लूटपाट की। इस घटना के गुस्साए लोगों ने कियुल स्टेशन पर तोड़फोड़ भी की थी। गौरतलब है कि एक माह के दौरान बिहार में 10 से ज्यादा ट्रेन डकैतियां हो चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications