रोनित ने गाया 'लफंगे परिंदे' का शीर्षक गीत
मुंबई, 9 अगस्त (आईएएनएस)। निर्देशक प्रदीप सरकार अपनी नई फिल्म 'लफंगे परिंदे' में अपने बेटे रोनित सरकार को पाश्र्व गायक के रूप में पेश कर रहे हैं। सरकार कहते हैं कि जब उन्होंने रोनित को एक संगीत समारोह में गाते हुए सुना तब उन्हें उनकी गायन प्रतिभा पता चली।
'लफंगे परिंदे' के शीर्षक गीत को रोनित ने अपनी आवाज में स्वरबद्ध किया है।
सरकार कहते हैं, "मैं नहीं जानता था कि मेरे घर में इतना अच्छा गायक विकसित हो रहा है। मैंने उन्हें गिटार बजाते हुए और कुछ धुनें गुनगुनाते हुए देखा था लेकिन मैंने कभी भी इस सब पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया था। उनका एक छोटा सा बैंड है। एक बार वह किसी जगह प्रस्तुति दे रहे थे और मैंने वहां जाकर यह देखना तय किया कि वह क्या करते हैं। मुझे तब बहुत आश्चर्य हुआ जब वह बहुत अच्छा गा रहे थे और लोग उनकी गायकी पर तालियां और सीटी बजा रहे थे। वह बहुत अच्छा गा रहे थे।"
सरकार ने आईएएनएस को एक साक्षात्कार में बताया, "मैंने उन्हें अपने कुछ विज्ञापनों में गाने का अवसर दिया, वह अद्भुत थे। आनंद (संगीत निर्देशक) को नई आवाज की तलाश थी, ऐसी आवाज जो ऊंचे स्वर में गा सके और जिसकी गायिकी में उतार-चढ़ाव हो। उन्होंने इस गीत के लिए उन्हें चुना।"
'परिणीता' (2005) और 'लागा चुनरी में दाग: जर्नी ऑफ ए वूमैन' (2007) जैसी फिल्में बना चुके सरकार ने इस फिल्म में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, अभिनेता नील नितिन मुकेश के साथ काम किया है।
सरकार कहते हैं, "मैंने एक कविता 'कभी साफ, कभी गंदे, लफंगे परिंदे' सुनी थी और इसका 'लफंगे परिंदे' मुहावरा बहुत पसंद आ गया। लफंगे का मतलब है जंगली और परिंदे का मतलब है पक्षी। इस पूरे मुहावरे का मतलब पक्षियों की उड़ान है। यह फिल्म आशाओं और उम्मीदों की कहानी है।"
'लफंगे परिंदे' 20 अगस्त को प्रदर्शित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications