गंगा बचाओ आंदोलन तेज, रामदेव बैठे धरने पर
प्रो़ अग्रवाल की मांगों के समर्थन में बाबा रामदेव ने गंगा पर बन रही केंद्र सरकार की लोहारी नागपाला जल विद्युत परियोजना का विरोध किया। शंकराचार्य चौराहे पर चले एक घंटे के धरने में हजारों की संख्या में साधु-संत भी शामिल हुए। इतना ही नहीं, बाबा के समर्थकों ने सोमवार को दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग को एक घंटा बाधित रखा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रामदेव ने कहा कि लोहारी नागपाला जल विद्युत परियोजना से गंगा को नुकसान पहुंचेगा। इस परियोजना के अलावा गंगा पर बन रही अन्य सभी प्रस्तावित परियोजनाओं पर भी तत्काल रोक लगानी चाहिए।
हरिद्वार की जिलाधिकारी आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि बाबा रामदेव गंगा पर बन रही लोहारी नागपाला जल विद्युत परियोजना के विरोध में धरना पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि बाबा के समर्थकों ने लगभग एक घंटे तक दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद रखा। बाद में प्रशासन ने जाम खुलवाया।
गौरतलब है कि कुंभ के दौरान संतों के विरोध के बाद केंद्र सरकार ने लोहारी नागपाला जल विद्युत परियोजना को बंद करने का आश्वासन दिया गया था, जिस पर अमल नहीं किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications