भोपाल गैस त्रासदी : कोचर होंगे जांच आयोग प्रमुख
भोपाल, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भोपाल में 26 साल पहले हुई दुनिया की सबसे बड़ी गैस त्रासदी की जांच के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एस. एल. कोचर की अगुवाई में एक सदस्यीय आयोग गठित करने का निर्णय लिया है। कोचर की नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार ने राष्ट्रपति को सहमति पत्र भेजकर अनुमति मांगी है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भोपाल गैस त्रासदी के कारणों से लेकर यूनियन कार्बाइड कारखाने के प्रमुख वारेन एंडरसन को भगाने तथा पीड़ितों को उनका हक न मिलने की वजह का पता लगाने के लिए एक सदस्यीय आयोग के गठन की घोषणा की थी, जिस घोषणा पर अमल हो गया है।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने बताया, "सरकार ने उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार एक सदस्यीय आयोग इंदौर खंडपीठ के न्यायाधीश एस. एल. कोचर के नेतृत्व में गठित करने का निर्णय लिया है। कोचर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हैं, लिहाजा उनकी नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रपति की अनुमति के लिए आवेदन किया जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications