प्रधानमंत्री कश्मीर के नेताओं से करेंगे विमर्श
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बैठक 7, रेसकोर्स रोड स्थित मनमोहन सिंह के आवास पर शाम छह बजे होगी।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "श्रीनगर में 11 जुलाई को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक का यह अगला दौर होगा।"
बैठक में उमर अब्दुल्ला एवं उनके पिता तथा केंद्रीय मंत्री फारुक अब्दुल्ला, राज्य कांग्रेस के प्रमुख सैफुद्दीन सोज और उप मुख्यमंत्री तारा चंद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता अशोक खजूरिया, जम्मू एवं कश्मीर पैंथर्स पार्टी (जे एंड के एनपीपी) के प्रमुख भीम सिंह तथा विधायक हर्षदेव सिंह एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक मुहम्मद यूसुफ तारीगामी के भाग लेने की संभावना है।
राज्य में मुख्य विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि उनकी पार्टी बैठक में भाग नहीं लेगी। पीडीपी ने 11 जुलाई को श्रीनगर में हुई बैठक का भी बहिष्कार किया था।
पैंथर्स पार्टी ने भी श्रीनगर में हुई बैठक का बहिष्कार किया था लेकिन मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होने का फैसला किया है। पार्टी प्रमुख भीम सिंह ने आईएएनएस से कहा, "हम इसलिए भाग लेंगे, क्योंकि यह बैठक प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होगी, अलोकप्रिय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नहीं।"
सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम, केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन के भाग लेने की उम्मीद है।
संभावना जताई जा रही है कि राज्य के नेता केंद्र सरकार से आग्रह करेंगे कि बुधवार से शुरू हो रहे रमजान महीने के दौरान अनाज, दवाएं एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications