राष्ट्रमंडल खेल : विपक्ष ने कहा 'भ्रष्ट' तो सरकार का दावा 'सर्वश्रेष्ठ'

लोकसभा में 'राष्ट्रमंडल खेल-2010 की तैयारी में विलंब से उत्पन्न स्थिति' पर चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए रेड्डी ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के लिए जो खेल गांव बनाया गया है, उसे जाकर जब आप देखेंगे तो गर्व करेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में ऐसा खेल गांव कभी नहीं बना होगा। हमें इस पर गर्व करने की जरूरत है।"

उन्होंने कहा, "हमें पूरी उम्मीद है कि राष्ट्रमंडल खेल आयोजन अब तक का सर्वश्रेष्ठ आयोजन साबित होगा।"

निर्माण कार्य में गड़बड़ियों व कथित अनियमितताओं पर उन्होंने कहा, "हमें इस आयोजन के व्यापक पक्ष को देखना चाहिए। इसे नजरअंदाज करके छोटे-मोटे पक्षों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। मीडिया में जो बाते आ रही हैं, उन्हें आने दीजिए। वे अपना काम कर रहे हैं। जहां तक केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की रिपोर्ट की बात है, तो इसमें प्रारंभिक बातें सामने आई हैं। लेकिन प्रत्येक प्रारंभिक बात को घोटालों की संज्ञा देना उचित नहीं है।"

इससे पहले, तैयारियों में हो रही देरी को 'खेलों के साथ खिलवाड़' तथा इसमें कथित अनियमितताओं को 'राष्ट्रमंडल का भ्रष्टमंडल' करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस पूरे मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की है।

भाजपा के कीर्ति आजाद ने कहा, "केंद्र सरकार और दिल्ली की सरकार राष्ट्रमंडल खेलों के साथ खिलवाड़ कर रही है। भ्रष्टाचार का पिटारा ऐसा खुल रहा है कि इसे भ्रष्टमंडल खेल कहा जाने लगा है।"

उन्होंने कहा, "जिन्होंने अनियमितता की है उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। इस मामले की पहले जेपीसी और फिर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच होनी चाहिए।"

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, "मैं यह कहना चाहता हूं कि राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े सभी बुनियादी फैसले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने किए। उसी ने खेलों की मेजबानी की बोली लगाने का फैसला किया और उसी ने इन खेलों के लिए दिल्ली को चुना।"

खेल की तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा, "राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन कुल 20 स्टेडियम में होना है। इनमें से 18 स्टेडियम तैयार कर लिए गए हैं और इन्हें प्रबंधन समिति के हवाले कर दिया गया है। एक स्टेडियम 15 अगस्त और दूसरा 16 अगस्त को प्रबंधन समिति को सौंप दिया जाएगा।"

जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा, "खेलों को लेकर घोटाले संबंधी हो रहे रोजना नए-नए खुलासे 'हरि अनंत हरि कथा अनंता' बन गए हैं और सरकार लीपापोती में जुटी हुई है। न जाने सरकार के कितने विभाग और कितने मंत्रालय इसमें जुटे हैं। चारों तरफ लूट-खसोट और तमाशा मचा हुआ है।"

खेलों की तैयारियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, "राष्ट्रमंडल खेल नजदीक हैं। बारात सामने खड़ी है और हम तैयारियों में ही जुटे हैं। हमारे आगे खाई, तो पीछे कुआं हैं। हम करें तो क्या करें। बात बिगड़ती जा रही है। जिधर देखो, उधर अपमान ही अपमान दिखाई दे रहा है।"

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार ने दिल्ली से गरीबों को बाहर कर दिया है, क्योंकि उसे डर था कि विदेश से आने वाले मेहमान यहां की गरीबी न देख लें।

खेलों में कथित अनियमितता के आरोपों की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि देश के सामने सच्चाई लाई जानी चाहिए। यह साफ होना चाहिए कि इन अनियमितताओं में कौन-कौन शामिल है?

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+