तूफान पीड़ितों के लिए घर बनाने की रफ्तार धीमी : बांग्लादेश
भारतीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को ढाका का संक्षिप्त दौरा किया था। इस दौरान बांग्लादेश ने पूर्व में उनके द्वारा किए गए वायदे की याद दिलाई। चक्रवाती तूफान आने के बाद प्रणब ने एक दिसंबर 2007 को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। उस समय वह भारत के विदेश मंत्री थे।
15 नवंबर 2007 को बांग्लादेश में आए चक्रवाती तूफान की वजह से विभिन्न भागों में भारी तबाही हुई थी और हजारों लोग मारे गए थे।
बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी ने कहा कि पीड़ितों के लिए भारत ने घर बनाने का वादा किया था लेकिन उस काम की रफ्तार काफी धीमी है। मोनी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर मुखर्जी के साथ विचार विमर्श किया है।
स्थानीय समाचार पत्र 'न्यू एज' के मुताबिक मोनी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि वे इस काम को तेजी से पूरा करेंगे।"
गौरतलब है कि प्रणब मुखर्जी ने दिसंबर 2007 में वादा किया था कि भारत चक्रवाती तूफान 'सिद्र' से प्रभावित बांग्लादेशी परिवारों के लिए 1,600 मकानों का निर्माण करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications