कोंकण तट तक तेल फैलाव रोकने के प्रयास
मुंबई में तेल के फैलाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री सुरेश शेट्टी सोमवार को प्रभावित इलाके का एक हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
शेट्टी ने आईएएनएस से कहा, "स्थिति बहुत गंभीर है और तेल का फैलाव बढ़ रहा है। मैं क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद अगले कदम के बारे में निर्णय लूंगा।"
तेल रिसाव के थाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग सहित पूरे कोंकण तट तक फैलने के खतरे को देखते हुए शेट्टी ने सोमवार सुबह विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चर्चा की।
मुंबई बंदरगाह के बाहर पनामा के मालवाहक जहाज एमएससी चित्रा और सेंट किट्स के जहाज एमवी खलीजा-3 के बीच तीन दिन पहले टक्कर हुई थी। दक्षिणी मुंबई से करीब पांच किलोमीटर दूर हुई टक्कर के कारण समुद्र में तेल फैल रहा है।
एक अधिकारी ने कहा कि भारत में समुद्र में इस तरह के अब तक के सबसे बड़े अभियान के तहत पांच भारतीय तटरक्षक (आईजीजी) जहाज, एक हेलीकॉप्टर और एक छोटे विमान को लगाया गया है।
दुर्घटना से प्रभावित जहाज एमएससी चित्रा पर करीब 2,600 टन तेल, 300 टन डीजल और 89 टन स्नेहक लदा था।
जहाज खतरनाक तरीके से 70 डिग्री तक झुक गया है और करीब 30 बड़े कंटेनर समुद्र में गिए गए हैं।
कुछ कंटेनर अरब सागर में तैर रहे हैं। इससे मुंबई बंदरगाह पर आने जाने वाले जहाजों को खतरा पैदा हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए इलाके में जहाज यातायात को स्थगित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications