जर्मनी में भगदड़ में 10 की मौत

जर्मनी के शहर डूइसबर्ग में एक संगीत उत्सव के दौरान मची भगदड़ में कम से कम दस लोग मारे गए हैं.
लव परेड नाम का ये संगीत उत्सव 2006 तक बर्लिन में होता रहा था लेकिन वित्तीय अवरोधों के चलते अब ये उत्सव हर वर्ष जर्मनी के अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता है.
डूइसबर्ग लव परेड के आयोजकों का कहना है कि उन्हें इस वर्ष के उत्सव में क़रीब दस लाख लोगों के आने की उम्मीद है.
डूइसबर्ग पुलिस के निदेशक राल्फ़ क्लाउक ने कहा, “शुरुआती जानकारी के मुताबिक प्रवेश द्वार पर भगदड़ मचने के कारण दस लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हैं.”
ख़बरों के मुताबिक पुलिस लोगों को परेड के प्रवेश द्वार पर रोक रही थी क्योंकि वहां बहुत अधिक भीड़ जमा हो गई थी. तभी वहां खड़ी भीड़ को एक ज़ोर का धक्का लगा जो जल्दी एक घातक भगदड़ में तबदील हो गया.
आपातकाल सेवाओं को घटनास्थल पर पहुंचने में काफ़ी समय लगा क्योंकि लव परेड में हिस्सा ले रही भीड़ को इस बात की ख़बर नहीं थी कि परेड के मुख्य द्वार पर एक गंभीर दुर्घटना हो गई है.
लव परेड में दुनिया भर से संगीत प्रशंसक जर्मनी में पहुंचते हैं. अन्य देशों के अलावा यहां ब्राज़ील, रुस, नीदरलैंड्स, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया की भी हिस्सेदारी रहती है. इन सब देशों के संगीत की झांकियां डूइसबर्ग शहर घूमतीं हैं. समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय डीजे भी अपने हुनर का प्रदर्शन करते हैं.












Click it and Unblock the Notifications