आस्ट्रेलिया में आम चुनाव 21 अगस्त को
सिडनी, 17 जुलाई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री जुलिया गिलार्ड ने देश में 21 अगस्त को आम चुनाव कराने की शनिवार को घोषणा की
चुनावों के बारे में लंबे अर्से से जारी अटकलबाजियों के बीच गिलार्ड ने गवर्नर जनरल क्वेंतीन ब्राइस से शनिवार सुबह मुलाकात की और जल्दी चुनाव कराने के लिए संविधान के अनुसार संसद को भंग करने का अनुरोध किया।
आस्ट्रेलिया के राजनीतिक परिदृश्य में आये आश्चर्यजनक बदलाव के तहत पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड को अपने पद से हटना पड़ा था जिसके बाद गिलार्ड को प्रधानमंत्री बनाया गया था।
जनमत सर्वेक्षण में दिखाया गया था कि रड के नेतृत्व वाली लेबर पार्टी आम चुनाव में हार जाएगी । इसके बाद रड पर पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव डाला गया था। लेबर पार्टी के अधिकांश सदस्य चाहते थे कि उनकी जगह गिलार्ड को नियुक्त किया जाए।
प्रधानमंत्री बनने के बाद गिलार्ड ने कहा था कि जल्द से जल्द चुनाव कराकर वह अपने लिए जनादेश हासिल करना चाहेंगी।
गवर्नर जनरल से मिलने से पहले उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलिया के प्रत्येक नागरिक को अपना प्रधानमंत्री चुनने का अधिकार है।"
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जारी जनमत सर्वेक्षण में गिलार्ड के नेतृत्व वाली लेबर सरकार को विपक्षी कजर्वेटिव नेशनल पार्टी से चार से छह फीसदी आगे दिखाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications