मुसलमानों से माफी मुलायम का ड्रामा: कल्याण
लखनऊ। वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए बहुत ज्यादा समय नहीं रह जाने की वजह से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को अपने मुस्लिम वोटबैंक पर खतरा मंडराता दिख रहा है। यही कारण है कि मुलायम ने गुरुवार को राज्य के मुसलमानों से कल्याण सिंह से दोस्ती के लिए माफी मांगी। वहीं कल्याण सिंह ने इसे नया ड्रामा करार दिया है।
मुलायम सिंह द्वारा मुस्लिमों से माफी मांगे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा है कि यह मुलायम का नया शिगूफा है। अलीगढ़ में मीडिया से बातचीत में कल्याण ने कहा कि धोखा देना मुलायम की फितरत रही है। मुसलमानों को खुश करने के लिए वह जो माफी मांगने का नाटक कर रहे हैं उससे उनका कुछ भला होने वाला नहीं है।
मुलायम को सांप्रदायिक करार देते हुए कल्याण ने कहा, "मुसलमान उनकी धोखेबाजी को पूरी तरह समझ चुके हैं और इसीलिए अब उनसे दूर जा रहे हैं। पिछले लोक सभा चुनाव में सपा को केवल 11 सीटें मिल रही थीं। मेरे साथ आने से 12 सीटें और बढ़ गई। अब अपना काम निकल गया तो मुलायम को लगा कि मेरा वोट बैंक जा रहा है। इसलिए मुसलमानों को खुश करने के एक नया शिगूफा छोड़ दिया।"
क्लिक करें- मुझे माफ कर दो मुसलमान भाईयों: मुलायम
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने लखनऊ में कहा कि मुलायम का नकाब उतर चुका है। जनता को उनका असली चेहरा पता है। जोशी ने मुलायम की माफी मांगने को महज एक वोट बैंक का हथकंडा करार देते हुए कहा कि हमेशा से सपा का दृष्टकोण अवसरवादी रहा है। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राज्य की जनता तुष्टीकरणवादी दलों की असलियत जान गई है। जनता इनके झांसे में नहीं आयेगी। सपा प्रमुख मुस्लिम वोट बैंक के लिये कट्टरपंथी तत्वों से ही माफी मांग रहे हैं। उन्हें सिमी जैसे आतंकी संगठन के प्रमुख शाहिद बद्र से मुकदमा उठाने के लिये प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं पिछले साल सपा से निष्कासित हुए आजम खां ने रामपुर में कहा कि यह कहना बहुत जल्दबाजी होगी कि कल्याण सिंह से हाथ मिलाने के मसले पर मुलायम सिंह यादव की मुसलमान समुदाय से माफी के बाद मैं सपा में वापस शामिल हो जाऊंगा। सपा में वापस जाने के बारे में मुझे बहुत बार सोचना पड़ेगा। आजम खां ने इस बात से इंकार किया कि उन्हें सपा की तरफ दोबारा पार्टी में शामिल होने का कोई न्योता आया है।











Click it and Unblock the Notifications