तेल रिसाव रुका लेकिन पर्यावरण की क्षति अभी भी जारी (लीड-1)
वाशिंगटन, 16 जुलाई (आईएएनएस)। मेक्सिको की खाड़ी में क्षतिग्रस्त तेल कुएं से पिछले तीन महीने से हो रहे तेल रिसाव को रोकने में ब्रिटिश पेट्रोलियम को सफलता मिली है लेकिन इससे पैदा हुआ अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा पर्यावरणीय संकट अभी समाप्त नहीं हुआ है।
ब्रिटिश पेट्रोलियम ने गुरुवार को तेल रिसाव रोकने के लिए तेल कुएं पर लगाए गए कैप की फिटिंग जांचने के लिए 48 घंटे का परीक्षण शुरू किया है। बीपी के अधिकारियों का कहना है कि दोपहर 2.25 बजे तक तेल कुएं से तेल का रिसाव पूरी तरह रोक लिया गया था। समुद्र में 5,000 फुट की गहराई पर कई कैमरे उतारे गए थे जिनसे तेल रिसाव रुकने की बात स्पष्ट हुई।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा, "मुझे लगता है यह सकारात्मक संकेत है लेकिन अभी हम परीक्षण के चरण में हैं मैं इस बारे में कल ज्यादा कुछ कह पाऊंगा।"
लुइसियाना के भारतीय-अमेरिकी गवर्नर बॉबी जिंदल ने इस प्रभावित इलाके के एक द्वीप पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "इस मिशन को अभी समाप्त घोषित करना अपरिपक्व निर्णय होगा।"
जिंदल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, "लूसियाना के लिए अभी संकट समाप्त नहीं हुआ है।" उन्होंने कहा कि तेल रिसाव बंद होने के बाद प्रभावित इलाके के लोगों की मदद के लिए सरकारी मदद और इस समस्या से लोगों का ध्यान बंट सकता है।
उन्होंन कहा, "तटीय क्षेत्रों को दोबारा सामान्य बनाने का काम तब तक पूरा नहीं होगा जब तक यहां फैले तेल को साफ करके हमारे वन्य जीवन, हमारे समुदाय और हमारे तटीय उद्योगों को सुरक्षित नहीं बनाया जाता।"
बीपी ने कहा कि जब इस सप्ताह की शुरुआत में हमने नए कैप को स्थापित किया था तो इस बात की कोई गारंटी नहीं थी कि यह तेल रिसाव को पूरी तरह से रोक लेगा।
इस परीक्षण के दौरान बीपी तेल कुएं पर लगाए गए कैप के ऊपर लगे वाल्वों को धीरे-धीरे बंद कर रही है जिससे कुएं के तेल पर दबाव बढ़ेगा। यदि किसी भी समय तेल का दबाव कम मापा जाता है तो इसका मतलब होगा कि तेल का रिसाव कुएं के किनारों से हो रहा है, ऐसी स्थिति में इस परीक्षण को रोक दिया जाएगा।
बीपी का कहना है कि उसे उम्मीद है कि इस परीक्षण के सफल होने के बाद कैप पर लगाए गए वॉल्व खोले जाएंगे और कैप के जरिए तेल को जहाजों में भरा जाएगा। इसके लिए 80,000 बैरल प्रतिदिन क्षमता वाले दो अन्य जहाजों को भी तेल भरने के काम में लगाया जाएगा।
बीपी के मुख्य कार्यान्वयन अधिकारी डग सटल्स ने सीएनएन से कहा कि अब तेल का रिसाव नहीं हो रहा है लेकिन अभी इस बात की खुशी मनाना जल्दबाजी होगी।
सरकार की ओर से तेल रिसाव रोकने के काम का नियंत्रण कर रहे सेवानिवृत्त एडमिरल थैड एलन ने कहा कि परीक्षण सफल होने के बाद इस तेल कुएं के कैप से तेल एकत्र करने के लिए और जहाज लगाने के बारे में अधिकारी निर्णय करेंगे। अन्यथा एक अन्य उपाय है कि इस कुएं को कीचड़ और सीमेंट से भरकर खत्म किया जा सकता है और तेल निकासी के लिए दो अन्य कुओं का उपयोग किया जाएगा, इनमें से एक कुएं के निर्माण का काम शुरू हो चुका है।
इस तेल कुएं का काम अगस्त तक पूरा होने की संभावना है जबकि दूसरे कुएं को विशेष परिस्थितियों में उपयोग के लिए रखा जाएगा।
सरकारी और स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि मेक्सिको की खाड़ी में फैल चुके तेल को साफ करने में कई साल लग सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications