शहज़ाद का वीडियो सामने आया

सबसे पहले एक अरबी टेलीविज़न चैनल पर प्रसारित हुए वीडियो में शहज़ाद ने कहा है कि मुसलमानों का युद्ध तो अभी शुरु ही हुआ है और लोकतंत्र को परास्त किया जाएगा. शहज़ाद ने पिछले महीने टाइम्स स्क्वायर पर नाकाम हमले में अपना ज़ुर्म क़बूल कर लिया था.
वीडियो में फ़ैसल शहज़ाद पाकिस्तान के क़बाइली इलाक़े की पारंपरिक पोशाक राइफ़ल लिए बैठा है और उम्मीद जता रहा है कि टाइम्स स्क्वायर पर हमले से मुसलमान ख़ुश होंगे.
ये वीडियो शहज़ाद ने अपनी गिरफ़्तारी से पहले रिकॉर्ड किया था. शहज़ाद असफल हमले के दो दिन बाद तीन मई को अमरीका से भागने की कोशिश में एक जहाज़ से गिरफ़्तार किया गया था.
वीडियो में अंग्रेज़ी बोलते हुए शहज़ाद कह रहे हैं कि वो अमरीकी सेना के हाथों मारे गए मुसलमानों, पाकिस्तानी तालिबान के नेता बैतुल्लाह महसूद और इराक़ में अल-क़ायदा के नेता अबु मुसाब अल-ज़रक़ाबी की मौत का बदला लेना चाहते हैं.
फ़ैसल शहज़ाद ने पिछले महीने न्यूयॉर्क की एक अदालत में आतंकवाद और हथियार रखने के दस अभियोगों में अपना ज़ुर्म क़बूल कर लिया था. उसे अक्तूबर में सज़ा सुनाई जाएगी.












Click it and Unblock the Notifications