पंजाब-हरियाणा में बाढ़ का कहर, यातायात बाधित
चण्डीगढ़। पंजाब-हरियाणा में मानसून की भारी बरसात के चलते कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। अंबाला यार्ड में पानी भर जाने की वजह से राजस्थान की छह ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। यहां से जम्मूतवी को जाने वाली ट्रेन का मार्ग भी परिवर्तित करना पड़ा और अब यह ट्रेन वाया रोहतक गंतव्य तक पहुंच रही है।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ललित बोहरा ने बताया कि अंबाला यार्ड में पानी भरने से गाड़ी संख्या 2413 अजमेर-जम्मूतवी एक्स. को वाया रोहतक-लुधियाना डायवर्ट किया गया है। गाड़ी संख्या 2414 जम्मूतवी-अजमेर एक्सप्रेस का भी रास्ता बदला गया है।
गाड़ी संख्या 2413 अजमेर-जम्मूतवी एक्स.का रूट बदला
आपको बता दें कि हरियाणा के अंबाला और कुरूक्षेत्र जिलों में मूसलाधार बारिश की वजह से आई बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहें हैं। प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 पर यात्रा न करने की हिदायत दी है। मूसलाधार बारिश की वजह से पंजाब के कई इलाके भी जलमग्न हैं। घग्गर और सतलुज नदी से जुड़ी नहरों में मंगलवार शाम से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से जल स्तर बढ़ गया। सेना बचाव अभियान चला रही है। बारिश की वजह से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
प्रशासन ने दी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 पर यात्रा न करने की हिदायत
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक राजीव दलाल ने लोगों राष्ट्रीय राजधानी को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चण्डीगढ़ के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाले अंबला-दिल्ली राजमार्ग संख्या-1 पर यात्रा न करने के लिए से कहा है। दलाल ने कहा, "हमने लोगों से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 पर यात्रा करने से बचने को कहा है क्योंकि यह हरियाणा के शाहाबाद के नजदीक टूट गया है। बचाव और मरम्मत कार्य शुरू हो गया है और जल्द ही सब कुछ पटरी पर आ जाएगा।"
राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी
अंबाला में पिछले तीन दिनों में 550 मिलीमीटर बारिश हुई है, हालांकि अंबाला और कुरूक्षेत्र में बुधवार सुबह से बारिश नहीं हुई है। अंबाला के उपायुक्त एस. पी. स्राव ने कहा,"अंबाला जिले में जगह-जगह तीन से चार फुट तक पानी भरा हुआ है। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले दो-तीन दिनों में भारी बारिश हुई है लेकिन हालात अब काबू में हैं।"












Click it and Unblock the Notifications