पंजाब-हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात

पंजाब-हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात

पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हरियाणा और पंजाब के कई इलाक़ों में पानी भर गया है और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं.हरियाणा में पांच लोग पानी में बह गए हैं.

भारी बारिश की वजह से कई शहरों में सड़कों और रेल पटरियों पर पानी भर गया है जिससे सड़क यातायात और रेल सेवा प्रभावित हुए हैं.

पिछले तीन दिनों में सामान्य से लगभग 20 गुना ज़्यादा बारिश हुई है.

हरियाणा में यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और अंबाला सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं.

कुरुक्षेत्र समेत कई शहरों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. बारिश से अंबाला में कम के कम पांच लोगों की मौत हो गई है.

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने लोगों से राष्ट्रीय राजमार्ग एक पर शाहबाद से लेकर अंबाला के बीच यात्रा न करने की अपील की है.

पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि 45 किलोमीटर लंबा ये राष्ट्रीय राजमार्ग बाढ़ की चपेट में है. ये राजमार्ग दिल्ली से अमृतसर को जोड़ता है.

भारी बारिश से सतलुज यमुना लिंक नहर में भी दरार आ गई है. इसे दुरूस्त करने के लिए सेना बुला ली गई है.

नहर में दरार से कुरुक्षेत्र के सैकड़ों गांव में पानी भर गया है. सेना की मदद से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है.

पंजाब में पटियाला, लुधियाना, बरनाला, भटिंडा, जालंधर में सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है.

पटियाला में घग्घर नदी पर बना तटबंध भी टूट गया है जिसकी वजह से लगभग 50 गांव पूरी तरह डूब गए हैं.

दिल्ली-चंडीगढ़ राजमार्ग मंगलवार को पूरी तरह बंद कर दिया गया था लेकिन बुधवार को यातायात बहाल कर दिया गया है.

अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग भी बंद है और ट्रैफ़िक को दूसरी तरफ़ मोड़ दिया गया है.

बाढ़ की वजह से पंजाब और हरियाणा आने-जाने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं.

हालांकि बुधवार को ट्रेन सेवा बहाल कर दी गई है.

ट्रैक पर पानी भर जाने की वजह से मंगलवार को 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था, 15 से ज़्यादा ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया था और छह से ज़्यादा ट्रेनों के रास्ते बदल दिए गए थे.

बुधवार को पिछले दिनों के मुक़ाबले कम बारिश हो रही है लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी और दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है इसलिए आशंका है कि हालात और ख़राब हो सकते हैं.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+