बिहार में सड़क दुर्घटना, 23 मरे

मणिकांत ठाकुर
बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार में पटना के घनरुआ के पास शनिवार सुबह आठ बजे एक यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में 23 लोगों की मृत्यु हो गई है और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं. घायलों का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज में कराया जा रहा है.पटना के जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बीबीसी को बताया, "दुर्घटनाग्रस्त बस पटना से गया जा रही थी और विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उसमें धक्का मार दिया. घटनास्थल पर ही 15 लोग मारे गए और बाकी 8 लोगों की मौत अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में ही हो गई."
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. लोगों का यह भी कहना था कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी की.जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों की तादाद और बढ़ सकती है क्योंकि दुर्घटना में घायल कुछ लोगों की हालत काफी गंभीर है.
मसौढ़ी अनुमंडल इलाके के धनरुआ से लगभग चार किलोमीटर दूर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. घायलों का जल्द इलाज नहीं कराए जाने के विरोध में ये लोग पुलिस और सरकारी अधिकारियों पर पथराव करने लगे.बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुर्घटना पर काफी दुख व्यक्त किया है और हर मृतक के नजदीकी संबंधी को 50 हजार रुपए बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है.












Click it and Unblock the Notifications