बलिया में नाव डूबने से मृतकों की संख्या 47 पहुंची
लखनऊ/ बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सोमवार को गंगा नदी में एक नाव पलटने से 18 बच्चों सहित कम से कम 47 लोगों की मौत हो गई। राज्य सरकार की तरफ से मृतक आश्रितों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
यह घटना उजौलिया घाट की है। यहां सोमवार सुबह अलग-अलग परिवारों के तकरीबन 65 लोगों को लेकर जा रही एक नाव गंगा नदी में डूब गई। पुलिस के मुताबिक पास के नसीराबाद और हिरहरपुर गांवों के लोग नाव पर सवार होकर मुंडन संस्कार कराने के लिए जा रहे थे।
राज्य पुलिस ने बताया कि देर शाम मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 47 शव नदी से निकाले जा चुके हैं। कुछ लोग अभी भी लापता हैं। मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। रात में अंधेरा होने की वजह से राहत और बचाव कार्य रोक दिया गया है। नाव की क्षमता करीब 30 लोगों की थी और उस पर तकरीबन 60 लोग सवार थे।
हादसे में बाल-बाल बचे राम सुमेर ने बताया कि नाव बहुत जर्जर अवस्था में थी और उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार हो गये थे। जिसकी वजह से वह बीच धारा में अचानक पलट गई। मुख्यमंत्री मायावती ने घटना के प्रति दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications