धीमा होगा नैटो का अभियान:कमांडर

अफ़ग़ानिस्तान में नैटो कमांडर जनरल स्टेनली मैकक्रिस्टल का कहना है कि चरमपंथियों को कंधार से बाहर खदेड़ने के लिए शुरू किया गए अभियान की रफ़्तार धीमी की जाएगी.
नैटो कमांडर का कहना है कि अभियान पहले के मुकाबले धीमा चलेगा ताकि स्थानीय लोगों का समर्थन हासिल किया जा सके.
नैटो ने कहा है कि कंधार पर नियंत्रण तालिबान को अफ़ग़ानिस्तान से खदेड़ने की कुंजी साबित होगा.
एक तरफ़ जहाँ हेलमंद प्रांत में तालिबान विरोधी अभियान सैन्य कार्रवाई के साथ शुरू हुआ वहीं कंधार में अभियान में सबसे अधिक जोर राजनीतिक प्रयासों पर दिया जा रहा है.
जनरल मैकक्रिस्टल ने अभियान के लिए कोई समय-सीमा तो नहीं दी थी लेकिन अमरीकी सेना ने इस साल गर्मियों में कंधार में अभियान शुरू करने की योजना बनाई थी.
जनरल मैकक्रिस्टल ने अभियान के लिए कोई समयसीमा नहीं दी है पर कहा कि ज़्यादा ज़रूरी बात ये है कि इस अभियान को सही तरीके से चलाया जाए.
इस साल अप्रैल में हुई डेढ़ हज़ार कबायलियों की बैठक में लोगों ने जनरल मैकक्रिस्टल और अफ़ग़ान राष्ट्रपति करज़ई से कहा था कि किसी बड़े सैन्य अभियान के लिए वे तैयार नहीं हैं.
हामिद करज़ई ने कहा है कि वरिष्ठ कबायिलियों के समर्थन के बिना कोई भी अभियान नहीं चलाया जाए.
फांसी पर बवाल
इस बीच अधिकारी इस ख़बर की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सात साल के एक बच्चे को जासूसी करने के आरोप में तालेबान ने फांसी दे है या नहीं.
करज़ई ने इस बारे में कहा, "अगर बच्चे को सार्वजनिक रूप से फांसी देने संबंधी ख़बर सही है तो मैं नहीं समझता कि मानवता के ख़िलाफ़ इससे बड़ा कोई और अपराध हो सकता है.''
उन्होंने कहा, ''सात साल का एक बच्चा जासूस नहीं हो सकता है. एक सात साल का बच्चा कुछ नहीं हो सकता है, वह केवल सात साल का एक बच्चा है.''
करज़ई ने कहा, ''किसी सात साल के बच्चे को फांसी पर चढ़ाना या हत्या के लिए उसे गोली मार देना मानवता के ख़िलाफ़ अपराध है.''
ख़बरों में कहा गया है कि बच्चे को फ़ांसी देने की घटना मंगलवार को हेलमंद प्रांत के सांगिन ज़िले में हुई.
वहीं तालिबान ने बच्चे की हत्या से इनकार किया है. तालिबान के एक प्रवक्ता ने इसे स्थानीय अधिकारियों का दुष्प्रचार बताया.
तालिबान ने बुधवार शाम कंधार प्रांत में एक शादी समारोह पर हुए आत्मघाती हमले में भी अपना हाथ होने से इनकार किया है. इस हमले में 40 लोगों की मौत हो गई थी.
खबरों में कहा गया है कि इस शादी समारोह में आए अधिकतर अतिथि स्थानीय पुलिस अधिकारी थे या तालिबान विरोधी मिलिशिया के सदस्य.












Click it and Unblock the Notifications