उप्र में गर्मी की मार, तापमान 43 के पार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भयानक गर्मी और लू से लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। राज्य का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
हालांकि बुंदेलखण्ड क्षेत्र के झांसी, आगरा, कानपुर और उन्नाव सहित कुछ स्थानों पर रविवार देर रात आंधी के साथ बारिश हुई। मगर बारिश से यहां के तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ा है और तपिश बरकरार है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उरई राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके अलावा इलाहाबाद का 41.3 डिग्री, वाराणसी 41.4 डिग्री, कानपुर का 40.0 डिग्री और लखनऊ का 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बदलाव से इंकार किया है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है, लेकिन उसका अधिकतम तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ेगा।













Click it and Unblock the Notifications