शादी की रस्म के दौरान बाराती ने तेजाब फेंका, 27 झुलसे
घटना पेहासू थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव की है, जहां सोमवार सुबह दुल्हन पक्ष की 27 लड़कियां, महिलाएं और बच्चे तेजाब से बुरी तरह झुलस गए। झुलसने वालों में ज्यादा संख्या लड़कियों की है जिनकी उम्र 20 से 22 वर्ष है।
पुलिस ने घटना के संबंध में एक 40 वर्षीय बाराती कैलाश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसने पुलिस को बताया कि टीके की रस्म के दौरान उसने पानी फेंकने की बजाय गलती से तेजाब फेंक दिया। पुलिस घटना के पीछे शरारत होने की आशंका से इनकार नहीं कर रही है।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक कल्याण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी का कहना है कि गलती से उसने पानी की जगह तेजाब फेंक दिया। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच में कुछ अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।
सिंह के मुताबिक घटना के संबंध में जांच के बाद ही कुछ भी स्पष्ट तौर पर कहा जा सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हालांकि यह बात सामने आई है कि घटना से ठीक पहले कैलाश की वहां मौजूद लड़कियों और महिलाओं से छीटांकशी को लेकर बहस हुई थी।













Click it and Unblock the Notifications