प्रधानमंत्री की कश्मीर यात्रा पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
श्रीनगर, 7 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सोमवार की जम्मू एवं कश्मीर यात्रा के विरोध में किए गए बंद के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
पुराने शहर के पांच थानाक्षेत्रों में किसी भी हिंसक गतिविधि पर काबू पाने के लिए पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)के जवान तैनात किए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "नागरिकों की आवाजाही पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई गई है। नागरिकों की जान-माल की हिफाजत के लिए ऐहतियाती कदम उठाए गए हैं।"
बंद का आह्वान कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी ने प्रधानमंत्री की यात्रा के विरोध में किया है। प्रधानमंत्री दोपहर को यहां पहुंच रहे हैं।
बंद के आह्वान की वजह से बाजार बंद रहे और सार्वजनिक वाहन नहीं चले। स्कूल और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
प्रधानमंत्री यहां शेर-ए कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। उनका शाम को मुख्य राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications