जेठमलानी और आनंद शर्मा ने नामांकन दाखिल किया
कांग्रेस की तरफ से केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री आनन्द शर्मा, अश्क अली टॉक व नरेन्द्र बुढ़ानिया ने नामांकन दाखिल किया। बुढ़ानिया एक सीट के उप चुनाव के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा की तरफ से पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम जेठमलानी और वी.पी. सिंह ने पर्चा भरा।
सभी उम्मीदवार रविवार को विधानसभा पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य विधानसभा में दलों के सदस्यों की संख्या और घोषित प्रत्याशियों के गणित को देखते हुए कांग्रेस के तीन और भाजपा के दोनों प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना है।
नामांकन के समय कांग्रेसी उम्मीदवारों के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री सी.पी. जोशी मौजूद थे। वहीं राम जेठमलानी के साथ भाजपा महासचिव वसुंधरा राजे और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी मौजूद थे।
चार सीटों पर चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा ने प्रत्याशी उतारे हैं लेकिन एक सीट के उपचुनाव के लिए अकेले कांग्रेस ने ही अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है। भाजपा ने दूसरी सीट के लिए जेठमलानी के नाम की रविवार शाम ही घोषणा की। उनके नाम पर अंत तक विवाद बना रहा। प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कई पूर्व प्रदेशाध्यक्षों की मौजूदगी में जेठमलानी के नाम का ऐलान किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications