शादी समारोह के दौरान 27 महिलाएं-बच्चे तेजाब से झुलसे
घटना पेहासू थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव की है, जहां सोमवार सुबह दुल्हन पक्ष की 27 लड़कियां, महिलाएं और बच्चे तेजाब से झुलस गए।
पुलिस ने घटना के संबंध मे एक 40 वर्षीय बाराती कैलाश कुमार को गिरफ्तार किया है। उसने पुलिस को बताया कि टीके की रस्म के दौरान उसने पानी फेंकने की बजाय गलती से तेजाब फेंक दिया। पुलिस घटना के पीछे शरारती तत्वों के हाथ होने की आशंका से इंकार नहीं कर रही है।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक कल्याण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपी का कहना है कि गलती से उसने पानी की जगह तेजाब फेंक दिया। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच में कुछ अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।
सिंह के मुताबिक जांच के बाद ही कुछ भी स्पष्ट तौर पर कहा जा सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हालांकि यह बात सामने आई है कि घटना से ठीक पहले कैलाश की वहां मौजूद लड़कियों और महिलाओं से छींटाकशी को लेकर बहस हुई थी।
बारात राजस्थान के भरतपुर जिले से आई थी। पुलिस के मुताबिक झुलसने वालों में ज्यादा संख्या 20 से 22 साल की लड़कियों की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications