राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में फिर लड़कियों ने मारी बाजी
जयपुर, 5 जून (आईएएनएस)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ दिया है। सोमवार सुबह जारी परिणाम में सूरतगढ़ की ज्योति ने पहला स्थान हासिल किया है। उसे 95.23 फीसदी अंक मिले हैं।
पूरा परीक्षा परिणाम 88.70 प्रतिशत रहा। पिछले कुछ साल की तरह इस साल भी लड़कियों की उत्तीर्णता का प्रतिशत लड़कों से बेहतर रहा। लड़कियों की उत्तीर्णता का प्रतिशत 90.64 रहा, जबकि लड़कों की उत्तीर्णता 87.32 प्रतिशत रही।
मैरिट में पहले छह स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा जमाया है। बोर्ड अध्यक्ष डा. सुभाष गर्ग ने बताया कि परीक्षा में 3,39,003 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए। इनमें 3,28,032 परीक्षा में प्रविष्ट हुए। नियमित परीक्षार्थियों की संख्या 2,90,893 है। नियमित छात्रों का परिणाम 96.47 प्रतिशत जबकि स्वयंपाठियों का परिणाम 27.80 प्रतिशत रहा। मेरिट में पहला स्थान न्यू ज्योति बाल विद्यामंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल संगर, सूरतगढ़ की कुमारी ज्योति ने प्राप्त किया। उसे 95.23 प्रतिशत अंक हासिल हुआ।
इसी प्रकार न्यू मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल कठूमर की कुमारी रेखा ने 93.08 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। न्यू ज्योति बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल संगर, सूरतगढ़ की ही कांता ने 91.38 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications