बेंगलुरू पुलिस की जांच से संतुष्ट श्री रविशंकर
पुलिस जांच से मिले परिणामों को जानने के बाद रवि शंकर ने अपने आश्रम से जारी एक बयान में कहा कि हम संतुष्ट हैं। पुलिस ने सभी आशंकाओं और संदेहों का समाधान कर दिया है। रविशंकर ने कहा, "इस एक गोली को भूल जाइए। नक्सल प्रभावित इलाकों में तो लगातार गोलियां बरसाई जा रही हैं। हम देश के सामने मौजूद इस समस्या का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं।" उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पुलिस का यही कहना रहा है कि गोलीबारी का निशाना रविशंकर नहीं थे। दूसरी ओर, खुद रविशंकर और उनके भक्त इससे उलट बात कह रहे थे। उनका स्पष्ट तौर पर कहना था कि गोलीबारी का निशाना रविशंकर ही थे।
राज्य के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया "आश्रम के निकट खेत है। खेत के मालिक ने स्वीकार किया है कि उसने 30 मई की शाम अपने पिस्तौल से दो राउंड गोलीबारी की थी। उसके द्वारा चलाई एक गोली रविशंकर के भक्त विनय को लग गई थी।" इस किसान का नाम महादेव प्रसाद बताया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिंह ने बताया कि प्रसाद के पास लाइसेंसी पिस्तौल है।













Click it and Unblock the Notifications