पुलिस जांच से गोलीबारी पर संदेह खत्म हुआ : रवि शंकर
बेंगलुरू, 5 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक पुलिस ने पिछले दिनों आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के काफिले पर हुई गोलीबारी के संदेह पर पर्दा हटाते हुए सभी आशंकाओं को समाप्त कर दिया। इस बीच रविशंकर ने कहा कि वह पुलिस जांच से संतुष्ट हैं।
पुलिस का कहना है कि एक किसान ने आवारा कुत्तों को भगाने के लिए दो राउंड गोलियां चलाई थीं और उनमें से एक गोली रविशंकर के एक भक्त को लग गई थी।
रवि शंकर ने अपने आश्रम से जारी एक बयान में कहा कि हम पुलिस जांच से संतुष्ट हैं। उन्होंने सभी आशंकाओं और संदेहों का समाधान कर दिया है।
रविशंकर ने कहा, "इस एक गोली को भूल जाइए। नक्सल प्रभावित इलाकों में तो लगातार गोलियां बरसाई जा रही हैं। हम देश के सामने मौजूद इस समस्या का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं।"
इससे पहले राज्य के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, "आश्रम के निकट खेत है। इस खेत के मालिक का कहना है कि उसने 30 मई की शाम अपने पिस्तौल से दो राउंड गोलीबारी की थी। उसके द्वारा चलाई एक गोली रविशंकर के भक्त विनय को लग गई थी।"
इस किसान का नाम महादेव प्रसाद बताया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रसाद के पास 10 एकड़ जमीन है। सिंह ने बताया कि प्रसाद के पास लाइसेंसी पिस्तौल है और उसने इस बात की पुष्टि की है कि आश्रम के निकट उसने ही गोली चलाई थी।
इससे पहले भी पुलिस का यही कहना रहा है कि गोलीबारी का निशाना रविशंकर नहीं थे। दूसरी ओर, खुद रविशंकर और उनके भक्त इससे उलट बात कह रहे थे। उनका स्पष्ट तौर पर कहना था कि गोलीबारी का निशाना रविशंकर ही थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications