हरियाणा पंचायत चुनाव में 70 प्रतिशत मतदान, 3 की मौत
चंडीगढ़, 6 जून (आईएएनएस)। हरियाणा में रविवार को हुए पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के बाद हुई हिंसा में तीन लोगों की जान गई व दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
राज्य के चुनाव आयुक्त धर्मवीर ने बताया, "लगभग 70 प्रतिशत मतदान होने का अनुमान है, वास्तविक आंकड़े अभी आने हैं। मतदान 13 जिलों-अंबाला, भिवानी, फतेहाबाद, फरीदाबाद, जींद, झज्जर, कैथल, करुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, सिरसा, सोनीपत, मेवात व पलवल जिलों के 75 खंडों में कराया गया।"
उन्होंने बताया, "रविवार को 20,334 पंचों, 2,083 सरपंचों, 938 पंचायत समिति सदस्यों व 128 जिला परिषद सदस्यों के पदों के लिए मतदान हुए।"
अधिकारियों को मिली प्राथमिक सूचना के मुताबिक मेवात, पलवल, फरीदाबाद, झज्जर व भिवानी जिलों के 80 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
मेवात के पुलिस अधीक्षक राम सिंह ने आईएएनएस से कहा कि जमालगढ़ गांव में दो गुटों के बीच हुए विवाद में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई एक घायल हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications