एयर इंडिया, जेट एयरवेज का 'दुर्घटना टलने' जैसी घटना से इंकार
एयरलायंस के सूत्रों ने कहा कि दोनों विमानों के पायलटों ने सायरन की आवाज सुन ली थी और सचेत हो गए थे।
दोनों एयरलायंस के प्रवक्ताओं ने अलग-अलग कहा कि चेन्नई में उड़ान के दौरान एयर इंडिया और जेट एयरवेज के टकराने की घटना होते-होते बचने जैसी मीडिया में आई खबर झूठी है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता चंद्र कुमार ने आईएएनएस को बताया, "पायलटों को जैसा निर्देश दिया गया, उन्होंने वैसा ही किया, इसलिए विमानों के टकराने की गुंजाइश ही नहीं थी।"
उन्होंने कहा, "संवाददाताओं को यह जानकारी नहीं थी कि पायलटों को टीसीएस अलार्म के जरिए सचेत किया जा चुका है। इसलिए इस मामले में एयरलायंस पर दोष नहीं मढ़ा जा सकता।"
जेट एयरवेज की प्रवक्ता रागिनी गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "दुर्घटना की आशंका जैसी कोई बात नहीं थी, क्योंकि टीसीएस अलार्म सुनकर पायलटों ने सावधानी बरती। फिर भी यदि जरूरी हुआ तो नागर विमानन के महानिदेशक इसकी जांच करवाएंगे और उचित कदम उठाएंगे।"
अधिकारियों ने शनिवार को कहा था कि एयर इंडिया का विमान आईसी 671 और जेट एयरवेज की उड़ान संख्या 9 डब्ल्यू 4758, जिसमें 250 यात्री सवार थे, तमिलनाडु में तिरुचिरापल्ली हवाई अड्डे के नजदीक 1700 फीट की ऊंचाई पर एक ही उड़ान मार्ग पर एक-दूसरे के करीब आ गए थे, लेकिन टीसीएस सायरन बजने के बाद पायलटों ने सावधानी बरती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications