'कनाडा में उद्योगों के अधिग्रहण के लिए आगे आएं भारतीय'
उच्च शिक्षा, रोजगार, श्रम और आव्रजन मंत्री रॉब नोरिस ने कहा, "यहां करीब 40 प्रतिशत छोटे और मध्यम श्रेणी के उद्यमों के पास कोई उत्तराधिकार योजना नहीं है। व्यापार को जारी रखने के लिए हम भारतीय निवेशकों और कारोबारियों को इन उद्यमों का अधिग्रहण करने के लिए आमंत्रित करते हैं।"
उन्होंने सेस्केचवान प्रांत में भारतीय छात्रों को रुकने और अपने व्यवसाय शुरू करने की अपील भी की है।
कनाडा की अर्थव्यवस्था में छोटे और मध्यम श्रेणी (एसएमई) के उद्योगों की 45 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
भारत और कनाडा के आपसी संबंधों के लिए नोरिस शिक्षाविदों और कृषि संगठन के सदस्यों के एक शिष्टमंडल के साथ भारत आए हैं।
सहायक उप मंत्री रूपेन पांड्या ने कहा, "उत्तराधिकारियों से रहित एसएमई सभी तरह के कारोबार में मौजूद हैं, इन उद्योगों में प्रति इकाई 50 कर्मचारी काम कर रहे हैं।"
पांड्या ने कहा, "अधिग्रहण का काम अन्य एजेंसी के जरिए होगा, हमारा मंत्रालय केवल दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते को मंजूरी देगा।"
विदेशी छात्रों के लिए नोरिस ने कहा कि वह कनाडा के सेस्केचवान प्रांत में स्थाई निवास के लिए आवेदन कर सकते हैं और स्नातक रिटेंशन प्रोग्राम के तहत टैक्स छूट भी प्राप्त कर सकते हैं।
पांड्या ने कहा, "सेस्केचवान में 3,500 अंतर्राष्ट्रीय छात्र हैं इसमें से 10 प्रतिशत छात्र भारतीय हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications