पृथक तेलंगाना राज्य पर विधेयक का समर्थन करेगी भाजपा : गडकरी (लीड-1)
पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आंध्र प्रदेश की तीन दिवसीय यात्रा पर आए गडकरी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा पृथक तेलंगाना राज्य का पूरा समर्थन करती है। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर तेलंगाना की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
"कांग्रेस यदि तेलंगाना को लेकर गंभीर है तो वह संसद में विधेयक लेकर आए। भाजपा इसका समर्थन करेगी।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि वह पृथक राज्य का गठन करेगी लेकिन वह अपनी बात से पीछे हट गई। वह इस मसले पर वोटबैंक की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस जो कर रही है वह समस्या का समाधान नहीं है। वास्तव में वही समस्याएं खड़ी कर रही है। उसकी नीतियों के चलते इस मुद्दे पर वर्तमान में भ्रम बना हुआ है।"
पृथक तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर बनाई गई श्रीकृष्णा समिति को उन्होंने 'टाइमपास' करार दिया। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में संप्रग सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
गडकरी ने कहा, "संप्रग द्वितीय के पहले साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है। इस दौरान सभी मोर्चो पर उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा।"
उन्होंने व्यंग्य भरे अंदाज में कहा, "इस एक साल के दौरान संप्रग सरकार की उपलब्धि यही रही कि वह महंगाई पर लगाम नहीं कस सकी, आम आदमी पूरी तरह त्रस्त रहा, किसानों की आत्म हत्याएं जारी रहीं और बेरोजगारी बढ़ती गई।"
गडकरी ने केंद्र सरकार से कृषि आधरित अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता देने, कृषि विकास और कृषि संसाधनों के लिए उपयुक्त कोष उपलब्ध कराने, जल व नदी परियोजनाओं का काम युद्ध स्तर पर निपटाने और खाद्य पदार्थो के कुशल प्रबंधन की मांग की।
उन्होंने इस अवसर पर आंध्र प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि सभी प्रमुख मुद्दों पर सत्ताधारी कांग्रेस का प्रदेश नेतृत्व बंटा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications