थाईलैंड में चुनाव अगले वर्ष संभव : वेज्जाजीवा
हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम), 6 जून (आईएएनएस)। थाईलैंड के प्रधानमंत्री अभिसित वेज्जाजीवा ने रविवार को यहां कहा कि उनके देश में इस साल नवंबर में चुनाव कराना संभव नहीं होगा लेकिन अगले साल यह संभव हो सकता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार वेज्जाजीवा ने यह टिप्पणी पूर्व एशिया पर 19 वें विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ)के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में की।
उन्होंने कहा, "सरकार हमेशा सत्ता में बनी नहीं रह सकती और कार्यकाल खत्म होने पर दोबारा चुनाव कराने ही होंगे। सरकार का कार्यकाल अगले साल खत्म हो रहा है।"
रेडशर्ट्स द्वारा की जा रही देश में जल्द चुनावों की मांग पर उन्होंने कहा, "समय पूर्व चुनाव तभी हो सकते हैं जब वे किसी समाधान का हिस्सा हो न कि समस्या का।"
वेज्जाजीवा ने कहा कि चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव कराए जाएं और उनमें धांधली हो, तो लोग इसे पसंद नहीं करेंगे और फिर से सड़कों पर उतर आएंगे। उसके बाद नए सिरे प्रदर्शनों का दौर शुरू होगा और चुनाव होंगे।
वेज्जाजीवा ने कहा कि हाल ही में कराए गए एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार बहुसंख्य थाई जनता स्थायित्व चाहती है ताकि आर्थिक विकास पटरी पर लौट सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications