अमेरिकी दूतावास ले जाया जा रहा हथियार बरामद : रिपोर्ट
समाचार पत्र द नेशन ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि इस्लामाबाद पुलिस ने जीरो प्वाइंट पर शनिवार को एक संदिग्ध वाहन का पीछा किया जिसमें कई एम-16 राइफल और उसकी गोलियां, 9एमएम की पिस्तौल और गोलियां, कई अन्य पिस्तौलें, कंपास, रेडियो सेट, नक्शें, चाकू और अन्य सैन्य चीजें थीं।
इन सामानों को ले जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनकी पहचान नौशाद और लाल बादशाह के रूप में की गई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे इन वस्तुओं को अमेरिकी दूतावास ले जा रहे थे।
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के हवाले से अखबार ने कहा है कि आरोपियों ने पुलिस से कहा कि उनका इन हथियारों से कुछ लेना-देना नहीं है।
पुलिस से आरोपियों ने कहा, "दूतावास ने सामानों की ढुलाई के लिए उनकी सेवा ली थी।"
समाचार पत्र ने कहा है कि हथियारों को मुक्त कराने के लिए अमेरिकी दूतावास के कई अधिकारियों ने पुलिस से संपर्क स्थापित किया।
रिपोर्ट के मुताबिक माना जा रहा है कि ये हथियार अमेरिकी सेना के गुस्तोवो रिस्चल के लिए थे, लेकिन आरोपियों के पास अमेरिकी दूतावास प्रशासन से अनुमति पत्र प्राप्त नहीं हुआ था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अन्य चीजों के भी पैकेट बरामद किए गए हैं जिनमें शरीर कवच, सीडी, सेल फोन और धूप के चश्मे शामिल हैं।
अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने इस घटना की न तो पुष्टि की है और न ही इसे खारिज किया है। पुलिस ने हालांकि एक मामला जरूर दर्ज कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications