हसीना के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे विपक्षी दल
बांग्लादेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी (जेईएल) के नेताओं ने शनिवार शाम मुलाकात कर सरकार को घेरने के लिए रणनीति बनाई।
बीएनपी ने आगामी 27 जून को सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। जेईएल ने भी इस हड़ताल का समर्थन किया है।
हसीना द्वारा पिछले दिनों भारत यात्रा के दौरान भारत के साथ किए गए पांच करारों का विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। विरोधी दल कह रहे हैं कि वे इन करारों को क्रियांवित नहीं होने देंगे।
जेईएल के अध्यक्ष मतिउर रहमान निजामी ने कहा, "अब हमारे पास आंदोलन के सिवा और कोई विकल्प नहीं बचा। बीएनपी ने सरकार के खिलाफ अपने कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है। हम इसे सकारात्मक कदम मानते हैं।"
उल्लेखनीय है दोनों विपक्षी दल 2001 से 06 तक शासन में थे लेकिन 2008 के आम चुनाव में हसीना के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इन्हें बुरी तरह पराजित कर दिया था। पिछले 19 माह में इन दोनों विपक्षी दलों की पहली बैठक शनिवार को हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications