दिल्ली विश्वविद्यालय का होगा अपना चैनल
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय शीघ्र ही चैनल खोलने की तैयारी कर रहा है जिससे कि परिसर की जिंदगी को और रोमांचक बनाया जा सके। इस चैनल पर राष्ट्रमंडल खेलों, रोजगार और मनोरंजन से जुड़े र्कायक्रमों को कॉलेजों की कैंटीनों में एलसीडी स्क्रीनों पर दिखाया जाएगा।
इंटरनेट पर आधारित दिल्ली विश्वविद्यालय टेलीविजन नेटवर्क (डीयूटीएन) ने पांच महीने पहले चैनल खोलने का जो विचार बनाया था उसमें जनसंचार विभाग के छात्रों की मदद ली जाएगी। चैनल का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की घटनाओं को छात्रों तक पहुंचाना है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफलांग लर्निग (आईएलएल) के निदेशक ए. के.बक्शी इस चैनल का संचालन करेंगे। बक्शी ने बताया, "इस बात को लंबे समय से महसूस किया जा रहा था कि दिल्ली विश्वविद्यालय के 80 कॉलेजों के तीन लाख से अधिक छात्रों को नि:शुल्क सूचना मुहैया कराई जाए।"
बक्शी कहते हैं कि प्रत्येक कॉलेज की कैंटीन, छात्रों के कॉमन रूम और कर्मचारी कक्ष में तीन से चार एलसीडी स्क्रीनें लगाई जाएंगी। इस योजना को अगले दो या तीन महीनों में चालू कर दिया जाएगा।
बक्शी ने कहा, "विश्वविद्यालय में बहुत सारी घटनाएं होती हैं। नए पाठ्यक्रम, खेल से जुड़ी घटनाएं, दीक्षांत समारोहों, वार्ताओं को मुख्य रूप से इस चैनल पर दिखाया जाएगा।"
बक्शी ने बताया कि हम इस प्रक्रिया के संदर्भ में अभी नीतिगत ढांचा तैयार कर रहे हैं। फिलहाल यह नार्थ कैंपस के 12 कॉलेजों में ही उपलब्ध होगा लेकिन बाद में इसका विस्तार अन्य कॉलेजों तक भी किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications