उड़ीसा में राज्यसभा चुनाव में भाग नहीं लेगी भाजपा
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जुएल ओराम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "बीजद और कांग्रेस से समान दूरी बनाए रखने के लिए हम चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।"
ज्ञात हो कि राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 17 जून को चुनाव होने हैं। बीजद के प्यारी मोहन महापात्र, कांग्रेस के राधाकांत नाइक और भाजपा के भगीरथी मांझी का कार्यकाल आगामी एक जून को खत्म हो रहा है।
बीजद ने तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए महापात्र को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। महापात्र के अलावा पार्टी ने शशि भूषण बेहरा और वैश्नव परीडा को टिकट दिया है।
राज्य विधानसभा में बीजद के 103, कांग्रेस के 27, भाजपा के छह, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के एक विधायक हैं जबकि छह सदस्य निर्दलीय हैं।
चुनाव में भाग न लेने के भाजपा के फैसले का फायदा बीजद को मिलेगा क्योंकि भाजपा और कांग्रेस यदि निर्दलीय विधायकों के समर्थन से संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करती है तो इस परिस्थिति में बीजद के लिए तीसरी सीट जीत पाना मुश्किल हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications