पत्नी पर झल्लाए शराबी पिता ने 2 बच्चों को तालाब में फेंका
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में शराब के कारण हुए पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने दो बेटों को तालाब में फेंक दिया। एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। आरोपी फरार है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के परदेशीपुरा में रहने वाले रमेश अहिरवार की शराब की लत के चलते पत्नी ज्ञानवती से आए दिन झगड़ा होता रहता था। पति के रवैए से परेशान होकर ज्ञानवती अपने चार बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी।
पढ़ें - राज्यों की खबरें
रमेश ने गुरुवार को ज्ञानवती के घर पहुंचकर विवाद किया और अपने साथ तीन बच्चों को ले आया। उसने दो बेटों नौ वर्षीय जयेंद्र और तीन वर्षीय विशाल को करण तालाब में फेंक दिया, जबकि रोशनी मौके से भाग गई। रात को दोनों बच्चों की खोज की गई मगर कहीं पता नहीं चला। जयेंद्र का शव शुक्रवार को तालाब से बरामद कर लिया गया, जबकि विशाल की तलाश जारी है। सिविल लाइन पुलिस ने रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।













Click it and Unblock the Notifications