पंजाब : बोरवेल में गिरी बच्ची की मौत
बटाला। पंजाब में गुरदासपुर जिले के बटाला शहर में 200 फुट गहरे और दो फुट चौड़े बोरवेल में बुधवार को गिरी तीन साल की बच्ची की गुरुवार को मौत हो गई। सेना और स्थानीय प्रशासन के 20 घंटे के संयुक्त बचाव अभियान के बाद भी उसे बचाने में कामयाबी नहीं मिल पाई। जिले के धीरा गांव में बच्ची खेलते हुए बोरवेल में गिरी थी। शुरू में स्थानीय पुलिस ने बच्ची को निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी न मिलने पर सेना से सहायता लेनी पड़ी। पुलिस के मुताबिक दिलराजप्रीत कौर अपने मामा के आंगन में खेलते हुए दुर्घटनावश बोरवेल में गिर गई थी।
पढ़ें - राज्यों की खबरें
राजस्व अधिकारी (बटाला) मनजीत सिंह ने बताया," कौर बोरवेल में 29 फुट की गहराई पर फंसी हुई थी। हमने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन सारे प्रयास नाकाम रहे। बच्ची आसानी से सांस ले सके इसके लिए हमने उसे आक्सीजन देना शुरू किया और बोरवेल में उसकी सभी गतिविधियों पर कैमरा से नजर रख रहे थे।" कौर को दिन में करीब 1.30 बजे बोरवेल से निकाला गया और तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। बटाला सिविल अस्पताल ने बताया,"अस्पताल लाने से पहले ही बच्ची की मौत हो चुकी थी। ऐसा लगता है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई।"













Click it and Unblock the Notifications