प्रधानमंत्री को कैबिनेट में चाहिए राहुल गांधी
नई दिल्ली। संप्रग सरकार के दूसरे शासनकाल के पहले साल पूरा होने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी को कैबिनेट में शामिल करने की ख्वाहिश जताई है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का उनके मंत्रिमंडल में शामिल होना बहुत उपयुक्त होगा।
प्रधानमंत्री ने यह बात राहुल गांधी के विषय में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कही। प्रधानमंत्री ने कहा, "कैबिनेट में पद के लिए राहुल बहुत ही योग्य हैं।" उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह कई दफा राहुल से चर्चा कर चुके हैं लेकिन उन्होंने हमेशा इसे टाल दिया।
उन्होंने कहा, "राहुल बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। वह कांग्रेस पार्टी को पुनर्जीवित करने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि राहुल का मंत्रिमंडल में शामिल होना बहुत उपयुक्त रहेगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मैं कई बार महसूस करता हूं कि युवाओं को बागडोर संभालनी चाहिए। किसी युवा के लिए जगह खाली करने में मुझे बेहद खुशी होगी। लेकिन यह कांग्रेस पर है।"













Click it and Unblock the Notifications