एमसीआई भंग करने की औपचारिकताएं पूरी
नई दिल्ली। एमसीआई के तत्कालीन अध्यक्ष केतन देसाई पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उन्हे पद से हटाने के अलावा एमसीआई को भंग करने का निर्णय भी केंद्र सरकार ने लिया था। इस मामले में केतन देसाई को 22 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के तीन सप्ताह बाद एमसीआई को भंग करने की सभी औपचारिकताएं केंद्र सरकार ने पूरी कर ली हैं।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शनिवार को एमसीआई भंग करने और इसके स्थान पर प्रमुख चिकित्सकों की सात सदस्यीय समिति गठित करने संबंधी अध्यादेश पर हस्ताक्षर किए। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुजाता राव ने कहा कि यह समिति केवल एक वर्ष तक कार्य करेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक नई दिल्ली के जीबी पंत अस्तपाल के प्रसिद्ध प्रोफेसर एसके सरीन समिति के प्रमुख होंगे।
उल्लेखनीय है कि एमसीआई के अध्यक्ष केतन देसाई को पंजाब के एक मेडिकल कॉलेज को मान्यता देने के लिए कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की घूस लेने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। स्वास्थ्य की पढ़ाई में फैले भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाने का फैसला किया था। ज्ञात हो कि देसाई को गुजरात सरकार ने भी निलंबित कर दिया है।













Click it and Unblock the Notifications