तमिलनाडु में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विश्व बैंक ऋण
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और उनकी पहुंच का दायरा बढ़ाने के लिए विश्व बैंक ने अंतर्राष्ट्रीय विकास संगठन (आईडीए) के जरिए 11.7 करोड़ डॉलर के ऋण प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
गुरूवार को विश्व बैंक ने कहा कि यह कर्ज तमिलनाडु को 2004 में स्वीकृत किए गए 11 करोड़ डॉलर के कर्ज से अलग होगा। आईडीए के जरिए मिलने वाले इस कर्ज की परिपक्वता की अवधि 35 वर्ष और रियायत की अवधि 10 साल होगी।
विश्व बैंक की जन स्वाथ्य विशेषज्ञ और परियोजना अधिकारी प्रीति कुदेसिया ने कहा, "तमिलनाडु ने मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में खासी प्रगति की है। आपात प्रसव और नवजात शिशु स्वास्थ्य के मामलों में अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवा कर आगे भी उन्नति की जा सकती है।"
उन्होंने कहा, "अतिरिक्त वित्तीय सहायता के जरिए स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस परियोजना से प्रदेश की गरीब, सुदूरवर्ती और आदिवासी जनसंख्या को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि की जा सकेगी।"
बैंक ने कहा कि पिछले चार साल में इस परियोजना के जरिए 80 आपात प्रसव और नवजात शिशु केंद्रों की स्थापना की गई है, इनके जरिए गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण में मदद मिली है।
राज्य को मिल रही अतिरिक्त वित्तीय सहायता से प्रदेश में अस्पतालों और स्वास्थ्य प्रबंधन हेतु सूचना तंत्र विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही मातृत्व और नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की वृद्धि और नियमन की जरूरतें भी पूरी होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications