समर्थन वापसी के फैसले पर भाजपा ने रोक लगाई (लीड-1)
संसदीय बोर्ड की बैठक खत्म होने के बाद नई दिल्ली में भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने संवाददाताओं को बताया, "आप जानते हैं कि 28 अप्रैल को हमने सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेने का फैसला किया था। आज पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी की अध्यक्षता में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में समर्थन वापसी के निर्णय पर फिलहाल रोक लगाने का फैसला हुआ है।"
कुमार ने कहा, "झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से दो पत्र भाजपा नेतृत्व को मिले हैं। एक पत्र खुद सोरेन की ओर से और दूसरा उनके पुत्र हेमंत सोरोन की तरफ से आया है। सोरोन ने अपने पत्र में आग्रह किया है कि झारखण्ड के गरीब तबके के हित को ध्यान में रखते हुए राज्य को कांग्रेस के कुशासन में नहीं धकेलना चाहिए और वहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ही रहनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "29 अप्रैल को हमें हेमंत सोरेन का पत्र मिला। इसमें उन्होंने कहा है कि बीते दो दिनों के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए झामुमो राज्य में भाजपा के नेतृत्व में सरकार के गठन के लिए तैयार है। संसदीय बोर्ड ने इन पर विचार करने के बाद अभी समर्थन वापसी के फैसले पर रोक लगा दी। अब हम सोरेन सरकार में शामिल सहयोगी दलों झामुमो, जनता दल (युनाइटेड) और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) से बातचीत करेंगे और इसके बाद आगे का फैसला होगा।"
इससे पहले भाजपा ने कटौती प्रस्ताव पर केंद्र सरकार का समर्थन करने वाले सोरेन की सरकार से अलग होने का फैसला किया था। उल्लेखनीय है कि विपक्ष द्वारा लाए गए कटौती प्रस्ताव पर हुए मतदान में सोरेन ने कांग्रेस की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के समर्थन में मत डाला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications