भाजपा ने समर्थन वापसी का फैसला रोका
संसदीय बोर्ड की बैठक खत्म होने के बाद नई दिल्ली में भाजपा नेता अनंत कुमार ने संवाददाताओं को बताया, "आप जानते हैं कि 28 अप्रैल को हमने सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेने का फैसला किया था। आज पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में समर्थन वापसी के निर्णय पर फिलहाल रोक लगाने का फैसला हुआ है।"
कुमार ने कहा, "झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से दो पत्र भाजपा नेतृत्व को मिले हैं। एक पत्र खुद सोरेन की ओर से और दूसरा उनके पुत्र हेमंत सोरोन की तरफ से आया है। संसदीय बोर्ड ने उन पर विचार करने के बाद अभी समर्थन वापसी के फैसले पर रोक लगा दी। अब हम सोरेन सरकार में शामिल सहयोगी दलों से बातचीत करेंगे और इसके बाद कोई अंतिम फैसला होगा।"
इससे पहले भाजपा ने कटौती प्रस्ताव पर केंद्र सरकार का समर्थन करने वाले सोरेन की सरकार से अलग होने का फैसला किया था। उल्लेखनीय है कि विपक्ष द्वारा लाए गए कटौती प्रस्ताव पर हुए मतदान में सोरेन ने कांग्रेस की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के समर्थन में मत डाला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications