उत्तर भारत में आंधी और छिटपुट बारिश की संभावना (राउंडअप)

देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिमी हिस्सों सहित दक्षिण तटीय इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री ऊपर बना हुआ है।

दिल्ली में शुक्रवार शाम हुई बूंदा बांदी के बाद गर्मी से मामूली राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा देश के तीन महानगरों मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में अधिकतम तापमान 37, 35.3 और 35.3 डिग्री रहा।

उधर, बिहार के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पटना एवं आसपास के इलाकों में गुरुवार देर रात तेज हवाएं चलीं और राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि बिहार के कई क्षेत्रों में तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान झ्राज्य का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 42.3, वाराणसी का 41.4, आगरा का 42.0 और लखनऊ का 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान गर्मी का प्रकोप बदस्तूर जारी रहेगा।

मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान खजुराहो रहा, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।

मौसम कार्यालय के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। भोपाल का अधिकतम तापमान 39 इंदौर का 41.4, ग्वालियर व जबलपुर का 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रीवा, सागर, भोपाल और होशंगाबाद में अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर के राज्यों में वर्षा होने की उम्मीद जताई है। जम्मू एवं कश्मीर में भी अगले 48 घंटों में गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पहाड़ी राज्यों उत्तराखण्ड और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट जगहों बारिश हो सकती है।

उधर, दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक और लक्ष्यद्वीप में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

अगले एक से दो दिनों तक उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी मैदानी भागों में तापमान में कोई बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसके अलावा देश के बाकी हिस्सों में मौसम में शुष्कता बरकरार रहेगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+