सिरसा में भगदड़, 5 महिलाओं की मौत (लीड-2)
पुलिस अधिकारियों और लोगों ने इस घटना को महज दुर्घटना करार दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ गुरुवार आधी रात के बाद उस समय मची जब श्रद्धालुओं को इस पंथ के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की ओर से प्रसाद व उपहार वितरित किए जा रहे थे।
चण्डीगढ़ से लगभग 300 किलोमीटर दूर इस धार्मिक स्थल पर अचानक आंधी आने के बाद सुरक्षित स्थान पाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और इसी ने भगदड़ का रूप ले लिया। यहां लगभग 100,000 लोग एकत्र हुए थे।
सिरसा के पुलिस उपायुक्त युद्धवीर सिंह खयालिया ने आईएएनएस को बताया, "डेरा सच्चा सौदा के गेट नंबर तीन पर आधी रात को मची भगदड़ में पाच महिलाओं की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए।"
इस हादसे के शिकार हुए लोगों की पहचान कर ली गई है। पीड़ितों में कमला रानी (भटिंडा), परकाश देवी ( फतेहाबाद), बतेरी देवी (हिसार), मुख्यितयार कौर (सिरसा) शामिल हैं।
सिरसा पुलिस के सुरक्षा प्रभारी कुलभूषण अरोरा ने कहा, " भगदड़ में मरने वाली पांचों महिलाओं की उम्र 56 से 60 वर्ष के बीच है।"
उधर, डेरा पंथ के प्रवक्ता आदित्य इंसान ने दावा किया कि सत्संग के इंतजामों में कोई कोताही नहीं बरती गई थी। उन्होंने कहा, "सत्संग गुरुवार रात 11 बजे से पहले खत्म हो गया था। परंतु इस दुखद हादसे के वक्त भी कुछ श्रद्धालु अंदर मौजूद थे। हमने पीड़ित परिवारों से संपर्क साधा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications