चीनी का दाम गिरा, गेहूं-चावल में स्थिरता: सरकार
उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर यह बात कही है। उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा निगरानी केंद्रों पर कीमतों के अध्ययन के बाद यह जानकारी दी गई है।
मंत्रालय ने कहा है कि कई केंद्रों पर चीनी की कीमतों में लगातार कमी देखी गई जबकि अन्य उत्पादों का मूल्य सामान्यतौर पर स्थिर रहा।
उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पटना और राजकोट को छोड़कर अन्य सभी केंद्रों पर गेहूं की कीमतें स्थिर बनी रहीं। पटना में गेहूं की कीमत में गिरावट दर्ज की गई जबकि राजकोट में इसमें बढ़ोत्तरी हुई है। चावल की कीमतें ज्यादातर केंद्रों पर स्थिर रहीं। दिल्ली, राजकोट और मुंबई में कीमतों में कमी देखी गई।
वक्तव्य में कहा गया है, "शिमला, रायपुर, लखनऊ, राजकोट, पटना, कोलकाता, विजयवाड़ा, तिरूवनंतपुरम, अहमदाबाद, मुंबई और डिंडीगुल में चीनी की कीमतें कम हुई हैं।"
दालों की कीमतें सामान्यतौर पर देशभर में स्थिर रहीं। कई केंद्रों पर मूंग और मसूर दाल के खुदरा मूल्य में कमी देखी गई।
देशभर में खाद्य तेलों की कीमतें भी स्थिर बनी रहीं।
वक्तव्य में कहा गया है, "दिल्ली में इस सप्ताह में चावल और चने की दाल की कीमतें गिरी हैं जबकि आटा, गेहूं, उड़द दाल, मूंग दाल, चीनी, दूध, मूंगफली तेल, सरसों तेल, वनस्पति, आलू और प्याज का मूल्य स्थिर रहा। तुअर दाल की कीमतों में हल्की बढ़ोत्तरी देखी गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications